आज से पृथ्वी के साथ दो चांद! मिनी मून 2024 PT5 अगले दो महीने तक लगाएगा चक्कर
नई दिल्ली (29 सितंबर, 2024) - पृथ्वी को आज एक अनोखा खगोलीय साथी मिलने जा रहा है। वैज्ञानिकों द्वारा "मिनी मून" या "2024 PT5" नाम का एक एस्टेरॉयड पृथ्वी के करीब आया है, जो 29 सितंबर से 25 नवंबर तक अस्थायी रूप से पृथ्वी की परिक्रमा करेगा।
इस खगोलीय घटना से अंतरिक्ष प्रेमियों की उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, यह मिनी मून इतना छोटा है कि इसे नंगी आंखों से देख पाना संभव नहीं है। इसे देखने के लिए एक खास खगोलीय दूरबीन की जरूरत पड़ेगी। साधारण दूरबीन से इसे देखना संभव नहीं है, लेकिन ऑनलाइन खगोलीय वेबकैम्स और NASA द्वारा इसकी तस्वीरें जारी की जाएंगी, जो इसे देखने का शानदार तरीका होगा।
2024 PT5 क्या है?
2024 PT5 एक छोटा एस्टेरॉयड है, जिसे 7 अगस्त, 2024 को NASA ने पहली बार देखा था। इसका व्यास लगभग 33 फीट है और इसकी उत्पत्ति अर्जुन एस्टेरॉयड बेल्ट से मानी जाती है। यह चट्टानों से बना है, जो पृथ्वी जैसी संरचना रखता है। इस मिनी मून की गति करीब 2,200 मील प्रति घंटा है, और यह पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण से प्रभावित होकर अस्थायी रूप से इसकी परिक्रमा करेगा।
भविष्य में वापसी की संभावना
2024 PT5 के 2055 में फिर से पृथ्वी की कक्षा में लौटने की संभावना है। ऐसे मिनी मून पहले भी देखे गए हैं, जैसे एस्टेरॉयड 2022 NX1, जो पहली बार 1981 में पृथ्वी के करीब आया था और फिर 2022 में भी इसकी वापसी हुई थी।
यदि आप इस अद्वितीय खगोलीय घटना का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो NASA और अन्य खगोलीय संस्थाओं द्वारा जारी की जाने वाली ऑनलाइन तस्वीरों का लुत्फ उठा सकते हैं।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment